जयशंकर प्रसाद की जीवनी

Content
1.प्रारंभिक जीवन

2.रचनाएँ -

a.काव्य रचनाएँ

b.कहानी संग्रह

c.उपन्यास

d.नाटक

e.निबंध

3.पुरस्कार

4.पक्ष -

a.भाव पक्ष

b.कला पक्ष -

i.भाषा

ii.शैली

iii.अलंकरण

iv.छन्द

5.छायावाद की स्थापना

6.निधन

प्रारंभिक जीवन

प्रसाद जी का जन्म 30 जनवरी 1889 ई. को काशी के सरायगोवर्धन में हुआ। इनके पितामह बाबू शिवरतन साहू दान देने में प्रसिद्ध थे और एक विशेष प्रकार की सुरती (तम्बाकू) बनाने के कारण 'सुँघनी साहु' के नाम से विख्यात थे। इनका काशी में बड़ा सम्मान था और काशी की जनता काशीनरेश के बाद 'हर हर महादेव' से बाबू देवीप्रसाद का ही स्वागत करती थी। किशोरावस्था के पूर्व ही माता और बड़े भाई का देहावसान हो जाने के कारण 17 वर्ष की उम्र में ही प्रसाद जी पर आपदाओं का पहाड़ ही टूट पड़ा। प्रसाद जी की प्रारंभिक शिक्षा काशी में क्वींस कालेज में हुई, किंतु बाद में घर पर इनकी शिक्षा का व्यापक प्रबंध किया गया, जहाँ संस्कृत, हिंदी, उर्दू, तथा फारसी का अध्ययन इन्होंने किया। दीनबंधु ब्रह्मचारी जैसे विद्वान् इनके संस्कृत के अध्यापक थे। इनके गुरुओं में 'रसमय सिद्ध' की भी चर्चा की जाती है। घर के वातावरण के कारण साहित्य और कला के प्रति उनमें प्रारंभ से ही रुचि थी और कहा जाता है कि नौ वर्ष की उम्र में ही उन्होंने 'कलाधर' के नाम से व्रजभाषा में एक सवैया लिखकर 'रसमय सिद्ध' को दिखाया था। उन्होंने वेद, इतिहास, पुराण तथा साहित्य शास्त्र का अत्यंत गंभीर अध्ययन किया था। वे नागरीप्रचारिणी सभा के उपाध्यक्ष भी थे।

रचनाएँ

उन्होंने कविता, कहानी, नाटक, उपन्यास और आलोचनात्मक निबंध आदि विभिन्न विधाओं में रचनाएँ की ।

काव्य रचनाएँ :~ जयशंकर प्रसाद की काव्य रचनाएँ दो वर्गो में विभक्त है :

1. काव्यपथ अनुसंधान की रचनाएँ

2. कानन कुसुम

3. महाराणा का महत्व

4. झरना

5. रससिद्ध रचनाएँ

6. आँसू

7. लहर

8. कामायनी

कहानी संग्रह :~ कथा के क्षेत्र में प्रसाद जी आधुनिक ढंग की कहानियों के आरंभयिता माने जाते हैं। सन् 1912 ई. में 'इंदु' में उनकी पहली कहानी 'ग्राम' प्रकाशित हुई। उन्होंने कुल 72 कहानियाँ लिखी हैं। उन्होंने ऐतिहासिक, प्रागैतिहासिक एवं पौराणिक कथानकों पर मौलिक एवं कलात्मक कहानियाँ लिखी हैं। उनकी कुछ श्रेष्ठ कहानियों के नाम हैं :

1. आकाशदीप

2. इंद्रजाल

3. समुद्रसंतरण

4. गुंडा

5. छोटा जादूगर

6. पुरस्कार

7. बिसाती

8. सालवती

9. मधुआ

10. स्वर्ग के खंडहर में आँधी

11. विरामचिह्न

उपन्यास :~ जयशंकर प्रसाद ने तीन उपन्यास लिखे हैं :

1. कंकाल :~ इसमें नागरिक सभ्यता का अंतर यथार्थ उद्घाटित किया गया है। यह यथार्थवादी उन्यास हैं।

2. तितली :~ इसमें ग्रामीण जीवन के सुधार के संकेत हैं। इसमें आदर्शोन्मुख यथार्थ है।

3. इरावती :~ यह ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर लिखा गया इनका अधूरा उपन्यास है जो रोमांस के कारण ऐतिहासिक रोमांस के उपन्यासों में विशेष आदर का पात्र है।

नाटक :~ प्रसाद ने आठ ऐतिहासिक, तीन पौराणिक और दो भावात्मक, कुल 13 नाटकों की सर्जना की। उनके नाटक हैं :

1. स्कंदगुप्त

2. सज्जन

3. चंद्रगुप्त

4. कल्याणी-परिणय

5. ध्रुवस्वामिनी

6. करुणालय

7. जन्मेजय का नाग यज्ञ

8. प्रायश्चित्

9. राज्यश्री

10. विशाख

11. कामना

12. अजातशत्रु

13. एक घूंट

निबंध :~ प्रसाद ने प्रारंभ में समय समय पर इंदु में विविध विषयों पर सामान्य निबंध लिखे। बाद में उन्होंने शोधपरक ऐतिहासिक निबंध, यथा: सम्राट् चंद्रगुप्त मौर्य, प्राचीन आर्यवर्त और उसका प्रथम सम्राट् आदि: भी लिखे हैं।

पुरस्कार

जयशंकर प्रसाद को 'कामायनी' पर मंगलाप्रसाद पारितोषिक प्राप्त हुआ था।

पक्ष

प्रसाद जी के काव्य की भावपक्षीय तथा कलापक्षीय विशेषताएँ निम्नवत् हैं-

भाव पक्ष :~

                                            बीती विभावरी जाग री!
                                            अम्बर पनघट में डुबो रही
                                            तारा घट ऊषा नागरी।                                                                                          
                                            खग-कुल कुल-कुल सा बोल रहा
                                            किसलय का अंचल डोल रहा
                                            लो यह लतिका भी भर लाई
                                            मधु मुकुल नवल रस गागरी।                                                                                     
                                            अधरों में राग अमंद पिये
                                            अलकों में मलयज बंद किये
                                            तू अब तक सोई है आली
                                            आँखों में भरे विहाग री।

प्रसाद जी की रचनाओं में जीवन का विशाल क्षेत्र समाहित हुआ है। प्रेम, सौन्दर्य, देश-प्रेम, रहस्यानुभूति, दर्शन, प्रकृति चित्रण और धर्म आदि विविध विषयों को अभिनव और आकर्षक भंगिमा के साथ आपने काव्यप्रेमियों के सम्मुख प्रस्तुत किया है। प्रसाद जी ने प्रकृति के विविध पक्षों को बड़ी सजीवता से चित्रित किया है। प्रकृति के सौम्य-सुन्दर और विकृत-भयानक, दोनों स्वरूप उनकी रचनाओं में प्राप्त होते हैं।

कला पक्ष :~ 'प्रसाद' के काव्य का कलापक्ष भी पूर्ण सशक्त और संतुलित है। उनकी भाषा, शैली, अलंकरण, छन्द-योजना, सभी कुछ एक महाकवि के स्तरानुकूल हैं।

* भाषा :~ प्रसाद जी ने आरम्भ ब्रजभाषा से किया और फिर खड़ीबोली को अपनाकर उसे परिष्कृत, प्रवाहमयी, संस्कृतनिष्ठ भाषा के रूप में अपनी काव्य भाषा बना लिया। प्रसाद जी का शब्द चयन ध्वन्यात्मक सौन्दर्य से भी समन्वित है; यथा-

                                        खग कुल कुल कुल-सा बोल रहा,
                                        किसलय का अंचल डोल रहा।

* शैली :~ प्रसाद जी की काव्य शैली में परम्परागत तथा नव्य अभिव्यक्ति कौशल का सुन्दर समन्वय है। उसमें ओज, माधुर्य और प्रसाद-तीनों गुणों की सुसंगति है। विषय और भाव के अनुकूल विविध शैलियों का प्रौढ़ प्रयोग उनके काव्य में प्राप्त होता है। वर्णनात्मक, भावात्मक, आलंकारिक, सूक्तिपरक, प्रतीकात्मक आदि शैली-रूप उनकी अभिव्यक्ति को पूर्णता प्रदान करते हैं।

* अलंकरण :~ प्रसाद जी की दृष्टि साम्यमूलक अलंकारों पर ही रही है। शब्दालंकार अनायास ही आए हैं। रूपक, रूपकातिशयोक्ति, उपमा, उत्प्रेक्षा, प्रतीक आदि आपके प्रिय अलंकार हैं

* छन्द :~ प्रसाद जी ने विविध छन्दों के माध्यम से काव्य को सफल अभिव्यक्ति प्रदान की है। भावानुसार छन्द-परिवर्तन 'कामायनी' में दर्शनीय है। भाषा की तत्समता, छन्द की गेयता और लय को प्रभावित नहीं करती है

छायावाद की स्थापना

जयशंकर प्रसाद ने हिंदी काव्य में छायावाद की स्थापना की जिसके द्वारा खड़ी बोली के काव्य में कमनीय माधुर्य की रससिद्ध धारा प्रवाहित हुई और वह काव्य की सिद्ध भाषा बन गई। काव्यक्षेत्र में प्रसाद की कीर्ति का मूलाधार 'कामायनी' है। उनकी यह कृति छायावाद ओर खड़ी बोली की काव्यगरिमा का ज्वलंत उदाहरण है। सुमित्रानन्दन पंत इसे 'हिंदी में ताजमहल के समान' मानते हैं। उनके नाटकों में देशप्रेम का स्वर अत्यंत दर्शनीय है और इन नाटकों में कई अत्यंत सुंदर और प्रसिद्ध गीत मिलते हैं।

निधन

जयशंकर प्रसाद जी का देहान्त 15 नवम्बर, सन् 1937 ई. में हो गया। प्रसाद जी भारत के उन्नत अतीत का जीवित वातावरण प्रस्तुत करने में सिद्धहस्त थे। उनकी कितनी ही कहानियाँ ऐसी हैं जिनमें आदि से अंत तक भारतीय संस्कृति एवं आदर्शो की रक्षा का सफल प्रयास किया गया है।